झारखंड के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, अब यहीं मिलेगी एविएशन ट्रेनिंग
सर्च न्यूज: सच के साथ:
इन पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट ने विशेषज्ञ संस्थानों के साथ समझौते किए हैं। AME कोर्स के लिए दिल्ली की एम/एस वेन्योर और एयर होस्टेस प्रशिक्षण के लिए AISECT लिमिटेड, भोपाल को साझेदार बनाया गया है। दोनों कोर्स पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत संचालित होंगे। सरकार का कहना है कि इससे राज्य पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा, जबकि छात्रों को आधुनिक एविएशन प्रशिक्षण का लाभ मिलेगा।
तीन वर्षीय AME कोर्स में 60 सीटें होंगी और इसकी कुल फीस 6 लाख रुपये तय की गई है, जिसे तीन वार्षिक किस्तों में जमा किया जा सकेगा। वहीं एयर होस्टेस प्रशिक्षण के लिए 6 माह का सर्टिफिकेट और 12 माह का डिप्लोमा कोर्स शुरू होगा। दोनों में 60-60 सीटें होंगी। प्रशिक्षण शुल्क में यूनिफॉर्म, ग्रूमिंग किट और स्विमिंग ट्रेनिंग भी शामिल रहेगी। एयर होस्टेस कोर्स के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 जुलाई निर्धारित की गई है, जबकि कक्षाएं DGCA की मंजूरी मिलने के बाद शुरू होंगी।
सरकार का मानना है कि इस पहल से झारखंड के साथ-साथ बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के युवाओं को भी बड़ा लाभ मिलेगा। अब छात्रों को एविएशन शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी। झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के प्रबंध निदेशक कैप्टन एस. पी. सिन्हा के अनुसार, यह पहल राज्य के युवाओं को रोजगार के नए अवसर देने के साथ-साथ देश में प्रशिक्षित एविएशन पेशेवरों की बढ़ती मांग को पूरा करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
