September 5, 2026

विधायक मंगल ने मंत्री से की आरकेएफएल में अनियमितताओं की शिकायत

IMG-20260311-WA0019

● कर्मचारियों को सुविधा देने व सरकारी मापदंडों का पालन कराने का अनुरोध

जमशेदपुर : जुगसलाई विस के विधायक मंगल कालिंदी ने श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री संजय यादव से विधानसभा में मुलाक़ात कर उन्हें ज्ञापन सौप कर अवगत कराया कि सरायकेला-खरसावां जिलान्तर्गत स्थित “रामकृष्ण फोर्जिंग लिमिटेड” (आरकेएफएल) में जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के कई स्थानीय लोग (श्रमिक) जो उक्त कंपनी में कार्य करते है, उन्हें कंपनी प्रबंधन द्वारा सरकार के निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है. कर्मचारियों से 8 घंटे के स्थान पर 16 घंटों तक कार्य लिये जा रहे है. बावजूद इसके उन्हें ओवरटाईम के कार्यो के एवज में निर्धारित गाईडलाईन के अनुरूप वेतन का भुगतान भी नहीं किया जाता है. साथ ही सरकार द्वारा निर्धारित निजी क्षेत्र की कंपनियों में स्थानीयों को 75 प्रतिशत आरक्षण के कानून का भी पालन नहीं किया जा रहा है.
विधायक ने मंत्री से अनुरोध किया कि कर्मचारियों को देय सुविधाओं, कर्मचारी राज्य बीमा अधिनियम, अतिरिक्त कार्यों के बदले (ओवरटाईम) के बदले दो-गुणा वेतन भुगतान अनिवार्यतः तथा सरकार द्वारा घोषित 75 प्रतिशत् स्थानीय को आरक्षण नियम के साथ-साथ कार्य स्थल पर शुद्ध पेयजलापूर्ति, कैंटीन की व्यवस्था तथा श्रमिकों के साथ कोई दुर्रव्यहार ना हो यह भी सुनिश्चित कराएं. इस मौके पर देवघर के विधायक सुरेश पासवान और हुसैनाबाद के विधायक संजय कुमार सिंह भी उपस्थित थे.

● विधायक मंगल कालिंदी ने सदन में उठाई कितापाठ को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने की मांग

जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने विधानसभा के बजट सत्र के शून्यकाल के दौरान बुधवार को पटमदा प्रखंड के गोबरघुसी पंचायत अंतर्गत बाटालुका स्थित कितापाठ देवस्थान को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने की मांग सदन में उठाई. सदन में अपनी बात को रखते हुए विधायक ने कहा कि पहाड़ से चारों ओर घिरा हुआ कितापाठ देवस्थान प्राकृतिक सौन्दर्य से भरा हुआ मनोरम स्थल है. कितापाठ देवस्थान को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने से स्थानीय लोगों को रोजगार, क्षेत्र की विकास एवं राजस्व में बृद्धि होगी. विधायक ने जनहित में कितापाठ देवस्थान को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने की मांग सरकार से की है.