September 5, 2026

Panic at Taj Hotel following bomb threat:ताज होटल में बम की खबर से हड़कंप: 3 घंटे तक चली सघन तलाशी, जांच में सब कुछ मिला सुरक्षित

Taj-Mahal-Palace-hotel-in-Mumbai

सर्च न्यूज: सच के साथ: मुंबई के प्रतिष्ठित ताज महल पैलेस होटल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। रविवार (12 जुलाई 2026) आधी रात को नवी मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले शख्स ने दावा किया कि अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम ने ताज होटल के अंदर बम रखवाया है। इस इनपुट के मिलते ही नवी मुंबई पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना मुंबई पुलिस के मुख्य कंट्रोल रूम को दी।

धमकी भरे फोन की गंभीरता को देखते हुए कोलाबा पुलिस, क्राइम ब्रांच और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) की टीमें तुरंत खोजी कुत्तों के साथ मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षा बलों ने होटल की तुरंत घेराबंदी की और इसके मुख्य लॉबी, स्विमिंग पूल, बैंक्वेट हॉल, रेस्टोरेंट, पार्किंग और बाहरी परिसर सहित सभी संवेदनशील हिस्सों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। होटल में ठहरे मेहमानों और स्टाफ की सुरक्षा के लिए हर जरूरी एहतियात बरती गई

करीब 3 घंटे तक चले इस गहन सर्च ऑपरेशन के बाद सुरक्षा एजेंसियों को परिसर के भीतर कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली, जिसके बाद इस कॉल को पूरी तरह फर्जी (होक्स) घोषित कर दिया गया। मुंबई पुलिस की तकनीकी जांच में सामने आया है कि यह धमकी भरी कॉल नवी मुंबई के तुर्भे इलाके से की गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर कॉलर के मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी पहचान और सटीक लोकेशन ट्रैक करने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।