बोड़ाम में दुकानों की छत काटकर चोरी का खुलासा, चोरी का मोबाइल खरीदने वाला आरोपी गिरफ्तार
सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर। बोड़ाम थाना क्षेत्र में दुकानों की एस्बेस्टस की छत काटकर चोरी की वारदातों के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी का मोबाइल खरीदने के आरोप में पश्चिम बंगाल के पुरुलिया मुफस्सिल थाना क्षेत्र निवासी मकबूल अंसारी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया। वहीं, मामले में पांच अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बताया गया है कि 3 अगस्त की रात बोड़ाम बाजार स्थित एक आभूषण दुकान और बाजार से करीब पांच किलोमीटर दूर बारियादा गांव की मोबाइल दुकान की एस्बेस्टस की छत काटकर चोरों ने लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया था। इसके बाद 11 अगस्त की रात भादूडीह वन विभाग के चेकनाका के पास टाटा-पटमदा मुख्य सड़क किनारे स्थित एक जनरल स्टोर को भी निशाना बनाया गया, जहां से करीब एक लाख रुपये के सामान की चोरी हुई थी।
लगातार हुई इन चोरी की घटनाओं से पुलिस के सामने चुनौती खड़ी हो गई थी। अब एक आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी के सामान की बरामदगी के बाद पुलिस को अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की उम्मीद है। मामले में पुलिस की जांच और पूछताछ जारी है।
