November 4, 2026

ओडिशा मर्डर मिस्ट्री: पुरी में मां की हत्या कर रसोई में दफनाने वाला आरोपी बेटा जमशेदपुर से गिरफ्तार

file_000000001bdc81fa935d69b352b6fb74

सर्च न्यूज: सच के साथ: ओडिशा के पुरी में अपनी ही बुजुर्ग मां की बेरहमी से हत्या कर उनके शव को किराए के मकान के रसोईघर (किचन) के फर्श के नीचे दफनाने वाले कलयुगी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 40 वर्षीय मदन गजानन दलेई के रूप में हुई है, जो वारदात को अंजाम देने के बाद पिछले 57 दिनों से फरार चल रहा था। ओडिशा की पुरी पुलिस ने तकनीकी जांच और खुफिया सूचनाओं के आधार पर आरोपी को झारखंड के जमशेदपुर (टाटानगर स्टेशन के पास) से धर दबोचा, जहां वह पहचान छिपाकर एक नाश्ते की दुकान पर मजदूरी कर रहा था।

यह रोंगटे खड़े कर देने वाला सनसनीखेज मामला 24 अगस्त को तब सामने आया, जब पुरी के कुंभारपाड़ा थाना क्षेत्र स्थित पतितपावन लेन के एक किराए के मकान से भयंकर दुर्गंध आने लगी। मकान मालिक की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो उसे रसोई के फर्श का एक हिस्सा नए सीमेंट से ढका हुआ मिला। मजिस्ट्रेट और वैज्ञानिक अधिकारियों की मौजूदगी में जब उस हिस्से की खुदाई कराई गई, तो अंदर से आरोपी की मां अन्नपूर्णा दलेई (65) का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने 20 अगस्त की रात को वारदात को अंजाम दिया था और अगले ही दिन बाजार से बालू-सीमेंट खरीदकर शव को रसोई में ही दफन कर दिया था ताकि किसी को शक न हो।

हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस को चकमा देने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी बेहद कम कर रहा था। वह पुरी से भागकर भुवनेश्वर, टिटलागढ़, रायपुर, कोलकाता और मुंबई होते हुए आखिरकार जमशेदपुर पहुंचा था। पुरी के पुलिस अधीक्षक (SP) प्रतीक सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, हालांकि हत्या के मुख्य कारणों और मकसद का खुलासा होना अभी बाकी है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ कर रही है।

You may have missed