अमित शाह से सिद्धू मूसेवाला के छोटे भाई के लिए Z+ सुरक्षा की मांग
सर्च न्यूज: सच के साथ: दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के परिवार की सुरक्षा को बढ़ाने की मांग एक बार फिर जोर-शोर से उठने लगी है। इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट और पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट के प्रसिद्ध वकील वासु रंजन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक औपचारिक पत्र लिखा है। इस पत्र के माध्यम से उन्होंने सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता और उनके नवजात व नाबालिग छोटे भाई की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है।
सुरक्षा की इस मांग के साथ ही पत्र में खुफिया एजेंसियों से एक उच्च स्तरीय और तत्काल सुरक्षा आकलन (Security Assessment) कराने की भी मांग की गई है। वकील का कहना है कि सुरक्षा एजेंसियां जल्द से जल्द परिवार पर मंडरा रहे खतरों का मूल्यांकन करें ताकि किसी भी अप्रिय घटना से पहले ही पुख्ता और कड़े सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जा सकें।
