Nikhar Sablok murder case: निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी: कानपुर से पकड़ा गया मुख्य साजिशकर्ता अभिमन्यु उर्फ सींटू, शूटरों को सुपारी देने का आरोप
सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर: होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में पुलिस को अहम सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के कथित मुख्य साजिशकर्ता अभिमन्यु सिंह उर्फ सींटू को कानपुर से गिरफ्तार किया है। उसे जमशेदपुर लाकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सींटू सिंह का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ फायरिंग, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। जेल से बाहर आने के बाद वह कपाली इलाके में रहकर कथित तौर पर अपना गिरोह संचालित कर रहा था। जमशेदपुर पुलिस ने पहले उसे तड़ीपार भी किया था।
पुलिस ने अभिमन्यु को मोबाइल लोकेशन के आधार पर ट्रेस किया। पूछताछ में हत्या की पूरी साजिश, शूटरों की पहचान, सुपारी की रकम और हत्या के पीछे के मकसद से जुड़े अहम खुलासे होने की उम्मीद है।
निखार सबलोक की 24 अगस्त को चांडिल क्षेत्र में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया जाता है कि निखार होटल से बाहर निकलकर अपने दोस्तों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर गोलियों की बौछार कर दी। निखार को 11 गोलियां लगने की बात सामने आई थी और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई थी।
इस हत्याकांड में पुलिस पहले से कई संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। अब मुख्य साजिशकर्ता की गिरफ्तारी के बाद जांच में तेजी आने की संभावना है।
