Eastern MLA Purnima Sahu Meets Dharamveer and Associates on Hunger Strike Over Traffic Issue, Barricading Begins at Golmuri Chowk:ट्रैफिक समस्या को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे धर्मवीर और साथियों से मिलीं पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, गोलमुरी चौक पर बैरिकेडिंग शुरू
सर्च न्यूज: सच के साथ: *जमशेदपुर:* जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के व्यस्ततम गोलमुरी चौक के समीप सड़क पर बढ़ते सड़क हादसों को रोकने के लिए डिवाइडर निर्माण की मांग को लेकर पिछले दो दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता धर्मवीर कुशवाहा और उनके साथियों से आज पूर्वी की विधायक श्रीमती पूर्णिमा साहू ने धरनास्थल पर पहुंचकर मुलाकात की।विधायक पूर्णिमा साहू ने अनशन पर बैठे युवाओं से उनकी मांगों को विस्तार से सुना और कहा कि गोलमुरी चौक शहर का प्रमुख चौराहा है, यहां से हजारों वाहनों का आवागमन होता है। डिवाइडर नहीं होने से आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, यह जनसुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है।इस विषय को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने धरनास्थल से ही जिला उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम और ट्रैफिक डीएसपी से दूरभाष पर वार्ता की और तत्काल आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया। इसके बाद उन्होंने स्वयं अधिकारियों के साथ गोलमुरी चौक का निरीक्षण भी किया।विधायक ने बताया कि स्थायी डिवाइडर निर्माण में तकनीकी प्रक्रिया और समय लगेगा, इसलिए तत्काल सुरक्षा व्यवस्था के तौर पर गोलमुरी चौक से गोलचक्कर तक बैरिकेडिंग कराने की पहल की गई है। जिला प्रशासन ने इस पर तत्परता दिखाते हुए बैरिकेडिंग का कार्य शुरू करा दिया है, जिससे यातायात व्यवस्था सुगम और सुरक्षित होगी।स्थायी समाधान के लिए विधायक ने जिला उपायुक्त, ट्रैफिक डीएसपी और टाटा स्टील यूआईएसएल प्रबंधन से स्थायी डिवाइडर के निर्माण के लिए औपचारिक आग्रह किया है।अंत में विधायक ने भूख हड़ताल पर बैठे धर्मवीर कुशवाहा और अन्य युवाओं से अपील की कि उनकी मांग पर कार्रवाई शुरू हो गई है, इसलिए वे अपना अनशन समाप्त कर समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्रवासियों के लिए सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगी।
