November 4, 2026

मानगो गांधी घाट पर बड़ा हादसा: जितिया उत्सव के दौरान उफनती नदी में बहीं दो बहने, एक सुरक्षित, दूसरी की तलाश जारी

IMG-20261003-WA0021

सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में जितिया पर्व की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब समता नगर के रहने वाले संतोष ठाकुर की दो बेटियां नदी में स्नान करने के दौरान पानी के तेज बहाव में बह गईं। यह दर्दनाक हादसा मानगो गांधी घाट के समीप शुक्रवार को घटित हुआ, जब दोनों बच्चियां अपनी मां के साथ त्योहार के पावन स्नान के लिए आई थीं। नदी का जलस्तर और बहाव तेज होने के कारण वे खुद को संभाल नहीं पाईं और गहरे पानी में समा गईं।

हादसे को देखकर नदी किनारे कॉटन कैंडी (बुढ़िया के बाल) बेच रहे छायानगर निवासी शेख नाम के एक युवक ने अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत पानी में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों की मुस्तैदी और शेख के अदम्य साहस की बदौलत एक बच्ची, जिसका नाम ज्योति कुमारी है, को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। ज्योति को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम (MGM) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सक उसकी देखरेख कर रहे हैं।वहीं दूसरी ओर, संतोष ठाकुर की 9 वर्षीय छोटी बेटी पूनम कुमारी पानी की तेज धार के साथ आगे बह गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। देर रात तक गोताखोरों द्वारा नदी के विभिन्न हिस्सों में व्यापक खोज अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा अधिक होने और पानी की रफ्तार तेज होने के कारण पूनम का कोई सुराग नहीं मिल सका।

इस हृदयविदारक घटना के बाद से पीड़ित परिवार में पूरी तरह कोहराम मचा हुआ है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। जितिया जैसे लोक आस्था के महापर्व पर हुए इस हादसे से पूरे समता नगर और मानगो इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की जानकारी मिलते ही कई स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता और भाजपा के नेता भी पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने और प्रशासनिक मदद सुनिश्चित कराने के लिए मौके पर पहुंचे।

You may have missed