Jharkhand JPSC:झारखंड JPSC पेपर लीक: ओएमआर शीट से छेड़छाड़ मामले में सीआईडी का शिकंजा, 3 और आरोपी सलाखों के पीछे!
सर्च न्यूज: सच के साथ: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ी और ओएमआर शीट हेरफेर मामले में अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। जांच एजेंसी ने राज्य में सक्रिय परीक्षा सेटिंग सिंडिकेट और बिचौलियों के खिलाफ बड़ा एक्शन लेते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। नई गिरफ्तारियों के साथ इस हाई-प्रोफाइल परीक्षा घोटाले में अब तक सलाखों के पीछे जाने वाले आरोपियों की कुल संख्या बढ़कर 14 हो गई है।
इस महाघोटाले की जांच का दायरा आयोग के शीर्ष स्तर तक पहुंच चुका है, जिसके तहत पूर्व जेपीएससी अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्य सचिव एल. ख्यांग्ते से सीआईडी कई घंटों तक मैराथन पूछताछ कर चुकी है और उनका पासपोर्ट भी जब्त कर लिया गया है। छात्रों के भारी विरोध प्रदर्शन और ओएमआर शीट की कॉपियां वायरल होने के बाद, आयोग ने पहले ही कंबाइंड सिविल सर्विसेज मुख्य परीक्षा को स्थगित कर दिया था। सीआईडी की विशेष जांच टीम (SIT) ने साफ किया है कि डिजिटल फॉरेंसिक और रिमांड पर लिए गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आने वाले दिनों में कुछ और बड़े चेहरों की गिरफ्तारी हो सकती है।
