November 5, 2026

दरभंगा में शादी का झांसा देकर इंजीनियर से ₹1.5 करोड़ की साइबर ठगी,

file_000000003244821185b4fcdf111d5e8c

बिहार के दरभंगा जिले से साइबर अपराध का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बहेड़ा थाना क्षेत्र के नवादा गांव के रहने वाले एक प्राइवेट कंपनी के सॉफ्टवेयर इंजीनियर दीपक कुमार झा को शादी और सुनहरे भविष्य का सपना दिखाकर लगभग ₹1.5 करोड़ की ठगी को अंजाम दिया गया है. पीड़ित इंजीनियर अपने लिए जीवनसाथी की तलाश कर रहे थे, तभी सितंबर 2026 में एक ऑनलाइन डेटिंग पोर्टल के माध्यम से उनकी पहचान ‘श्रुति सिंह’ नाम की एक युवती से हुई. दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला जल्द ही दोस्ती और फिर प्यार में बदल गया, जिसके बाद कथित युवती ने शादी का प्रस्ताव देकर इंजीनियर का पूरी तरह से भरोसा जीत लिया.

भरोसा जीतने के बाद शातिर ठग ने खुद को एक प्रतिष्ठित इन्वेस्टमेंट बैंक से जुड़ा हुआ बताया और पीड़ित को शेयर बाजार व फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश के जरिए भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया. इंजीनियर उसकी बातों में आ गया और लड़की द्वारा भेजे गए एक फर्जी ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के लिंक पर अपनी आईडी बना ली. इसके बाद 27 सितंबर से 27 अक्टूबर 2026 के बीच महज एक महीने के भीतर पीड़ित से अलग-अलग किस्तों में करीब 60 से 65 बार में ₹1.5 करोड़ की भारी-भरकम राशि ट्रांसफर करवा ली गई. इस रकम के लिए पीड़ित ने न सिर्फ अपने बल्कि अपनी मां, पिता और बहन के बैंक खातों की पूरी जमा पूंजी भी दांव पर लगा दी.

इस ठगी का पर्दाफाश तब हुआ जब पीड़ित इंजीनियर को खुद के घर खरीदने के लिए पैसों की आवश्यकता पड़ी और उसने युवती से अपनी जमा राशि वापस मांगी. शुरुआत में युवती ने सिस्टम में मेंटेनेंस का बहाना बनाकर टालमटोल किया, लेकिन बाद में पैसे निकालने के एवज में 25 प्रतिशत अतिरिक्त रकम यानी करीब ₹67 लाख बतौर ‘कन्वीनियंस फी’ जमा करने की नई शर्त रख दी. पीड़ित को जब ठगी का अहसास हुआ और उसने पैसे देने से मना किया, तो युवती ने धमकी दी और अपने सभी मोबाइल नंबर बंद कर संपर्क तोड़ लिया. इस मामले में दरभंगा साइबर थाना के डीएसपी बिपिन बिहारी ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि की है और पुलिस द्वारा दिए गए 30 बैंक खातों और फर्जी पाए गए सोशल मीडिया प्रोफाइल की गहनता से जांच की जा रही है.