November 5, 2026

नागौर के पटाखा गोदाम में भीषण विस्फोट, दो किलोमीटर तक दूर तक विस्फोट की आवाज लोगों को दी सुनाई

file_00000000b1e882119df95d779d6454e2

राजस्थान के नागौर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बड़ली इलाके में गुरुवार को एक पटाखा गोदाम में भयंकर विस्फोट हो गया। यह धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज आसपास के लगभग दो किलोमीटर के दायरे में साफ सुनाई दी, जिससे स्थानीय निवासियों में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट के बाद आसमान में गहरे काले और सफेद धुएं का एक विशाल गुबार उठ खड़ा हुआ, जो काफी दूर से ही दिखाई दे रहा था।

इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान नागौर शहर के बनबाजारवाड़ा निवासी मोहम्मद आमिर और मुजीब के रूप में हुई है, जो आपस में जीजा-साले बताए जा रहे हैं। हादसे के वक्त गोदाम में कुल तीन लोग मौजूद थे। घायल व्यक्ति को तुरंत स्थानीय पुलिस और एम्बुलेंस सेवाओं की मदद से नागौर के जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, कोतवाली थाना पुलिस और दमकल की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया। नागौर के पुलिस अधिकारी जतिन जैन और तहसीलदार नरसिंह टैंक ने मौके का मुआयना किया और बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार बारूद में आग लगने की वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस के मुताबिक, यह गोदाम वैध लाइसेंस के साथ संचालित हो रहा था। घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।