November 5, 2026

जनशताब्दी एक्सप्रेस में 3 बैगों से 1.40 करोड़ रुपये नकद बरामद, हावड़ा का युवक गिरफ्तार

file_00000000dd4482118a59af7daa392709

पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक यात्री के पास से 1.40 करोड़ रुपये की बेहिसाब नकदी बरामद की है। आरोपी की पहचान हावड़ा के जीटी रोड निवासी 36 वर्षीय राहुल सोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर नकदी जब्त कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

राहुल सोनी झारखंड के जमशेदपुर स्थित टाटानगर रेलवे स्टेशन से टाटानगर-हावड़ा जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार होकर हावड़ा जा रहा था। जब ट्रेन खड़गपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर रुकी, तो वहां नियमित गश्त कर रही जीआरपी टीम को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिसकर्मियों को अपनी ओर आता देख आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे तुरंत दबोच लिया।

जीआरपी ने जब आरोपी के पास मौजूद एक नीले रंग के बैकपैक और दो हैंडबैग की तलाशी ली, तो उसमें 500-500 रुपये के नोटों के कुल 280 बंडल बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत 1.40 करोड़ रुपये आंकी गई है। पूछताछ के दौरान आरोपी इस भारी-भरकम राशि के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी ने आयकर विभाग को सूचित कर दिया है, और अब इस बात की जांच की जा रही है कि क्या इस पैसे का संबंध हवाला नेटवर्क या किसी अन्य अवैध वित्तीय लेनदेन से है।