Indian missing in Finland for 2 months found dead:फिनलैंड में 2 महीने से लापता हैदराबाद के छात्र का मिला शव, परिजनों ने जताया हत्या का संदेह
सर्च न्यूज: सच के साथ: फिनलैंड में पिछले दो महीनों से लापता हैदराबाद के 18 वर्षीय भारतीय छात्र गुज्जा मणिदीप रेड्डी का शव हेलसिंकी के समुद्र से बरामद किया गया है। वह फिनलैंड की लप्पेनरांटा-लाहती यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (LUT University) में सॉफ्टवेयर एंड सिस्टम्स इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। फिनलैंड में मौजूद भारतीय दूतावास ने ईमेल के जरिए छात्र के परिवार को इस दुखद घटना की आधिकारिक जानकारी दी है। स्थानीय पुलिस के अनुसार, व्यापक खोज अभियान के बाद 9 जुलाई, 2026 को क्रूनुवूरेनरांटा तट के पास पानी से उसका शव निकाला गया।
इस मामले ने अब एक नया मोड़ ले लिया है क्योंकि मृतक छात्र के परिवार ने इस मौत को संदिग्ध बताया है और हत्या की आशंका जताई है। हालांकि फिनलैंड पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में किसी भी तरह के अपराध या साजिश के सबूत नहीं मिले हैं, लेकिन परिवार ने बिना डीएनए टेस्ट (DNA test) के की गई इस पहचान पर सवाल खड़े किए हैं। पीड़ित परिवार ने भारत सरकार और भारतीय दूतावास से गुहार लगाई है कि वे फिनलैंड के अधिकारियों के साथ मिलकर मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करें ताकि मौत की सही वजह सामने आ सके।
