गिरिडीह में दिनदहाड़े यूको बैंक में डकैती, हथियार के बल पर 4 करोड़ का सोना और 12 लाख कैश लूटे
झारखंड के गिरिडीह जिले के राजधनवार बाजार स्थित चमड़ा गोदाम के पास स्थित यूको बैंक की शाखा में गुरुवार दोपहर को पांच हथियारबंद अपराधियों ने एक बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। दोपहर करीब 12:44 बजे बाइक पर सवार होकर आए नकाबपोश अपराधी बैंक परिसर में दाखिल हुए और महज 18 से 20 मिनट के भीतर पूरी घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके और व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।
अपराधियों ने लॉकर की चाबी लेकर उसमें रखे लगभग 4 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और काउंटर से 12 लाख रुपये नकद लूट लिए। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से जाते-जाते वे बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर (DVR) भी उखाड़कर अपने साथ ले गए और बैंक के मुख्य दरवाजे को बाहर से ताला मारकर फरार हो गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि यह बैंक धनवार थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है, जिसने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ी है और गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर जमुआ के जंगली इलाकों में छापेमारी कर पुलिस ने एक संदिग्ध को हथियार के साथ दबोच लिया है और आगे की जांच जारी है।
