November 6, 2026

जमशेदपुर: एएसआई पर महिला ने लगाया शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना का आरोप, बिरसानगर थाने में केस दर्ज

file_000000006ce881f4a3f90e8b474dfe23

जमशेदपुर के पुलिस विभाग से प्रताड़ना और दुर्व्यवहार का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ साकची पीसीआर (वाहन संख्या-17) में पदस्थापित सहायक सब इंस्पेक्टर (ASI) मुन्ना ठाकुर के खिलाफ बिहार के भोजपुर जिले की रहने वाली एक महिला ने बिरसानगर थाने में शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कांड संख्या 74/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता और आरोपी एएसआई के बीच करीब पांच वर्ष पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट के माध्यम से दोस्ती हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी मुन्ना ठाकुर ने कथित तौर पर महिला से अपनी पहली पत्नी की मृत्यु होने की बात कही और उसे दूसरी शादी करने का झांसा देकर अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद दोनों ने जुलाई 2023 में देवघर स्थित बाबा मंदिर में शादी कर ली। शादी के बाद आरोपी उसे जमशेदपुर लेकर आया और बिरसानगर के ही एक होटल में कुछ दिनों तक साथ रखने के बाद वापस उसके पैतृक घर भेज दिया।

पीड़िता का आरोप है कि कुछ समय बीतने के बाद एएसआई मुन्ना ठाकुर ने उससे दूरी बना ली और पूरी तरह से बातचीत बंद कर दी। इसके बाद जब महिला ने अपने स्तर पर छानबीन की, तो उसे पता चला कि आरोपी की पहली पत्नी जीवित है और उसकी पहले से एक अन्य महिला से शादी हो चुकी है। जब पीड़िता ने इस बात का कड़ा विरोध किया और एएसआई से संपर्क साधने की कोशिश की, तो आरोपी द्वारा उसके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकियां दी जाने लगीं। वर्तमान में पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।

You may have missed