सीएम योगी आदित्यनाथ पर अभद्र टिप्पणी करने वाले ‘X’ अकाउंट के खिलाफ लखनऊ में FIR दर्ज
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और अभद्र पोस्ट करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। इस संबंध में राजधानी लखनऊ के हजरतगंज थाने में एक FIR दर्ज कराई गई है। यह कानूनी कार्रवाई भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नगर महामंत्री अमित त्रिपाठी की शिकायत के आधार पर की गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में हजरतगंज थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम सक्रिय हो गई है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और आईपी एड्रेस के जरिए ‘X’ अकाउंट के संचालक का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर किसी भी जन प्रतिनिधि या संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
