September 4, 2026

Goilkera Murder: Sleeping Priest Killed in Knife Attack. गोईलकेरा में तड़के खूनी वारदात, सोते पुजारी की चाकू से हत्या

file_00000000584082118d5e727e97fcee7a

सर्च न्यूज: सच के साथ: चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बड़ैला गांव में बुधवार तड़के सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। यहां झाड़-फूंक और पूजा-पाठ के बाद कमरे में सो रहे 42 वर्षीय पुजारी गोरा अंगरिया की धारदार चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, गांव के 24 वर्षीय पोंडे राम अंगरिया को लेकर परिजन पिछले कुछ दिनों से परेशान थे। उसके कथित तौर पर अजीब व्यवहार के बाद मंगलवार रात उसके घर पर झाड़-फूंक और पूजा-पाठ कराया गया। इसमें पुजारी गोरा अंगरिया समेत डाकुवा मुखी राम अंगरिया और अन्य ग्रामीण शामिल हुए थे। पूजा खत्म होने के बाद पुजारी और डाकुवा मुखी वहीं रुक गए और कमरे में सो गए।

बताया गया कि बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे पोंडे राम ने सो रहे पुजारी पर चाकू से हमला कर दिया। गर्दन पर लगातार वार किए जाने से पुजारी गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। अचानक हुए हमले से कमरे में मौजूद डाकुवा मुखी भी घबरा गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही गोइलकेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। हत्या के पीछे असली वजह क्या थी और क्या इसका झाड़-फूंक की घटना से कोई संबंध है, पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है

You may have missed