40 Farmers Trained in Tussar Silk Production in Goilkera,गोईलकेरा में 40 किसानों को तसर रेशम उत्पादन की ट्रेनिंग, आधुनिक तकनीक से बढ़ेगी आमदनी
प्रशिक्षण के दौरान रांची से पहुंचीं वैज्ञानिक डॉ. दिव्या राजावत, परियोजना प्रबंधक सुरेंद्र साहू और राम मोहन प्रमाणिक ने किसानों को तसर रेशम उत्पादन की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। किसानों को उत्पादन बढ़ाने, कीटपालन की बेहतर तकनीक अपनाने और रेशमकीटों में होने वाले रोगों के प्रभावी प्रबंधन के बारे में समझाया गया।
वैज्ञानिक डॉ. दिव्या राजावत ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना है, ताकि वे वैज्ञानिक तरीकों को अपनाकर तसर उत्पादन और अपनी आय दोनों में वृद्धि कर सकें। प्रशिक्षण के दौरान किसानों ने रेशम उत्पादन से जुड़ी अपनी समस्याएं विशेषज्ञों के सामने रखीं और उनके समाधान की जानकारी भी प्राप्त की।
कार्यक्रम में अग्र परियोजना केंद्र के कर्मचारियों और कीटपालकों समेत अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे। आयोजकों का जोर किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर तसर उत्पादन को अधिक प्रभावी बनाने और इससे जुड़ी आजीविका को मजबूत करने पर रहा।
