सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को शहीद निर्मल महतो की समाधि पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने समाधि पर पुष्प अर्पित कर झारखंड आंदोलन के इस महानायक को नमन किया और उनके संघर्ष एवं योगदान को याद किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान भावपूर्ण माहौल देखने को मिला। लोगों ने भी शहीद निर्मल महतो को श्रद्धासुमन अर्पित किए।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि शहीद निर्मल महतो ने झारखंड की पहचान, अधिकार और सम्मान के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके संघर्ष और विचार आज भी झारखंड की जनता को प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों का झारखंड बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।मुख्यमंत्री ने राज्य के समग्र विकास, सामाजिक न्याय और जनकल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि सरकार झारखंड के विकास को नई दिशा देने के लिए लगातार काम कर रही है और अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक विकास का लाभ पहुंचाना लक्ष्य है।श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी शहीद निर्मल महतो के अधूरे सपनों को पूरा करने और झारखंड के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया। समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने शहीद निर्मल महतो के प्रति जनता की भावनात्मक जुड़ाव को भी प्रदर्शित किया।