September 4, 2026

Cargo ship swallowed by the sea in the Bay of Bengal: बंगाल की खाड़ी में समंदर ने निगला कार्गो शिप, 2 क्रू मेंबर बचाए गए, बाकी की तलाश जारी

panama-ship-sink-2026-08-b7aa467cf1ec754d037a0c363fb64c0e-1200x900

सर्च न्यूज: सच के साथ:बंगाल की खाड़ी में ओडिशा के पारादीप तट से दूर एक बड़ा समुद्री हादसा सामने आया है। पनामा के झंडे वाला कार्गो शिप MV Ocean Winner समुद्र में डूब गया। हादसे के समय जहाज पर कुल 24 क्रू मेंबर सवार थे। भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना के संयुक्त अभियान में अब तक दो लोगों को लाइफ राफ्ट से सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि बाकी 22 क्रू सदस्यों की तलाश लगातार जारी

संपर्क टूटने के बाद मचा हड़कंप

जानकारी के मुताबिक, 22 अगस्त को समुद्री बचाव समन्वय केंद्र को MV Ocean Winner से संपर्क टूटने की सूचना मिली। इसके बाद भारतीय एजेंसियों ने तुरंत सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जहाज की आखिरी लोकेशन ओडिशा के पारादीप तट से करीब 240 नॉटिकल मील दूर बताई गई है। आसपास मौजूद दूसरे व्यापारिक जहाजों को भी राहत और बचाव अभियान में मदद के लिए अलर्ट किया गया।

24 सदस्यीय क्रू में 20 चीनी नागरिक

जहाज पर 24 सदस्यीय विदेशी क्रू सवार था। इनमें 20 चीनी नागरिक, तीन म्यांमार के नागरिक और एक बांग्लादेशी नागरिक शामिल थे। बचाए गए दो क्रू सदस्यों को चिकित्सा सहायता दी जा रही है। भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना ने समुद्र के बड़े इलाके में तलाश तेज कर दी है और तीन तटरक्षक जहाजों को अभियान में लगाया गया है।

लौह अयस्क लेकर जा रहा था जहाज, डूबने की वजह रहस्य

MV Ocean Winner पारादीप बंदरगाह से लौह अयस्क लेकर रवाना हुआ था और अपने अगले गंतव्य की ओर जा रहा था। रिपोर्टों के अनुसार, जहाज के डूबने से पहले उससे संपर्क टूट गया था। दो बचाए गए नाविकों ने अधिकारियों को बताया कि जहाज अचानक एक तरफ झुकने लगा और कुछ ही समय में डूब गया। हालांकि, हादसे की सटीक वजह अभी आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं हुई है। फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता समुद्र में लापता 22 क्रू सदस्यों का पता लगाना और उन्हें सुरक्षित निकालना है।

You may have missed