September 4, 2026

Bharat Adivasi Party Meeting : प्रदेश कमिटी का पुनर्गठन जल्द, बदले जाएंगे निष्क्रिय जिलाध्यक्ष

IMG-20260329-WA0001

मानगो बालीगुमा में भारत आदिवासी पार्टी की बैठक, आंदोलन की बनी रणनीति

जमशेदपुर : भारत आदिवासी पार्टी की बैठक मानगो बालीगुमा स्थित एक होटल में प्रदेश अध्यक्ष प्रेमशाही मुंडा की अध्यक्षता में हुई, जिसका संचालन कृष्णा हांसदा ने किया. बैठक में प्रदेश कमिटी के विस्तार और आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की गई. सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा और उनके मुद्दों के समाधान के लिए पार्टी निरंतर संघर्ष करेगी. नेताओं ने चिंता जताई कि आदिवासियों की जमीन पर लगातार अतिक्रमण और हमले हो रहे हैं. पार्टी ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि इस पर ठोस नीतिगत निर्णय नहीं लिया गया, तो इसके विरोध में आंदोलन किया जाएगा.
पार्टी ने धर्म कॉलम की व्यवस्था, जमीन की सुरक्षा, पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और समता जजमेंट 1997 को लागू कराने के लिए आंदोलन चलाने की घोषणा की. यह भी तय किया गया कि सरायकेला-खरसावां जिले में अप्रैल के अंतिम सप्ताह में प्रमंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें सांसद राजकुमार रोत और राज्य प्रभारी उमेश चंद्र डामोर शामिल होंगे. संगठनात्मक स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए. वक्ताओं ने जानकारी दी कि प्रदेश कमेटी का पुनर्गठन करते हुए निष्क्रिय जिलाध्यक्षों को बदला जाएगा. अनुशासन समिति के गठन के साथ-साथ जिन जिलों में कमेटी का विस्तार नहीं हुआ है, वहां सदस्यता अभियान चलाया जाएगा. रांची में पार्टी का कार्यालय जल्द स्थापित करने की भी घोषणा की गई. बैठक में मदन मोहन सोरेन (पूर्वी सिंहभूम), सुशील बारला (पश्चिमी सिंहभूम), अमित चिराग तिर्की (गुमला-सिमडेगा), दिवाकर मिंज (सरायकेला-खरसावां), मटका तुरी सुंडी, सनातन सवैया, मोहन सिंह देवगम सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे. धन्यवाद ज्ञापन जिलाध्यक्ष मदन मोहन सोरेन ने किया.

You may have missed