Rahul Gandhi Questions Police Action Against Bihar Students. बिहार में छात्रों पर कार्रवाई को लेकर राहुल गांधी का सरकार पर हमला |
सर्च न्यूज: सच के साथ: बिहार में परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले छात्रों के मुद्दे पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बिहार सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। 3 सितंबर को घायल छात्रों और युवाओं से मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने कहा कि युवा केवल निष्पक्ष अवसर, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और अपने अधिकारों की मांग कर रहे थे।
राहुल गांधी ने सरकार की जवाबदेही पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी बड़ी कार्रवाई की जिम्मेदारी केवल कुछ छोटे अधिकारियों पर डालकर सरकार बच नहीं सकती। उन्होंने सवाल किया कि जब युवा परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और अपने अधिकारों की मांग कर रहे थे, तो उन पर लाठी और गोली चलाने की जरूरत क्यों पड़ी? उन्होंने कहा कि वह इन युवाओं के साथ खड़े हैं और उनकी हर संभव मदद करने के लिए तैयार हैं।
वहीं, बिहार में छात्रों के प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई को लेकर पहले भी विवाद सामने आया था। रिपोर्टों के अनुसार, सीवान में प्रदर्शन के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल द्वारा AK-47 से हवा में फायरिंग का वीडियो सामने आया था। बिहार सरकार ने बाद में सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि कांस्टेबल ने भीड़ में फंसने के बाद हवा में चार राउंड फायर किए और उसे निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू की गई।
