वियतनाम हादसे में मृत रांची के राजा का लौटा पार्थिव शरीर, आज होगा अंतिम संस्कार
सर्च न्यूज: सच के साथ: वियतनाम के दा लाट शहर में 25 सितंबर को एक दर्दनाक सड़क हादसे में रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र स्थित कैलाश नगर निवासी 24 वर्षीय राजा कुमार वर्मा की मौत हो गई थी। राजा वहां एक एकेडमी में योग प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत थे और अपने परिवार के एकमात्र आर्थिक सहारे थे। काम से लौटने के दौरान उनकी स्कूटी एक कार से टकरा गई थी, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया था।आर्थिक तंगी के कारण शव को भारत वापस लाने में असमर्थ गरीब परिवार ने सरकार और प्रशासन से गुहार लगाई थी। इसके बाद, वियतनाम में रह रहे भारतीय समुदाय, स्थानीय मित्रों और झारखंड सरकार के संयुक्त प्रयासों से उनके पार्थिव शरीर को विमान के जरिए कोलकाता हवाई अड्डे लाया गया और वहां से रविवार सुबह रांची स्थित उनके पैतृक आवास पहुंचाया गया।
