सर्च न्यूज: सच के साथ: अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर भारतीय चुनाव प्रणाली और भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की जमकर तारीफ की है। ट्रंप ने भारत के सख्त वोटर आईडी नियमों का उदाहरण देते हुए अमेरिका में भी मतदान प्रक्रिया को कड़ा करने और ‘सेव अमेरिका एक्ट’ (SAVE America Act) को जल्द से जल्द पारित करने की जोरदार वकालत की है। उनका यह बयान अमेरिकी चुनाव प्रणालियों में बड़े सुधारों को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच आया है।
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ हुई प्रशासनिक बातचीत का जिक्र करते हुए लिखा कि भारतीय चुनाव प्रमुख ने अमेरिकी प्रशासन से सवाल किया था कि बिना वैध फोटो आईडी के अमेरिका में चुनाव कैसे आयोजित किए जा सकते हैं। ट्रंप ने भारतीय लोकतंत्र की तारीफ करते हुए आंकड़ों का हवाला दिया कि भारत के पिछले आम चुनाव में रिकॉर्ड 64.6 करोड़ (646,000,000) मतदाताओं ने हिस्सा लिया था। खास बात यह रही कि वहां 1% से भी कम लोगों ने मेल (डाक मतपत्र) के जरिए मतदान किया और हर एक मतदाता के पास एक वैध फोटो पहचान पत्र होना अनिवार्य था।इस बड़े उदाहरण के जरिए राष्ट्रपति ट्रंप अमेरिका में ‘सेफगार्ड अमेरिकन वोटर एलिजिबिलिटी’ (SAVE) एक्ट को लागू कराना चाहते हैं, जिसके तहत संघीय चुनावों में मतदान के लिए अमेरिकी नागरिकता का दस्तावेजी प्रमाण और वैध सरकारी फोटो पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य हो जाएगा। अमेरिकी प्रशासन और भारत में नवनियुक्त अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी इस रुख का समर्थन करते हुए भारत की मतदाता सत्यापन प्रणाली को वैश्विक स्तर पर एक बेहतरीन मॉडल बताया है। हालांकि, इस सख्त विधेयक को लेकर अमेरिकी संसद (कैपिटल हिल) में डेमोक्रेट्स और रिपब्लिकन के बीच काफी तीखे मतभेद बने हुए हैं।