TMC, West bengal: अभिषेक बनर्जी के अवैध कार्यालय पर चला बुलडोजर, भारी पुलिस बल की तैनाती में ध्वस्त हुई 5 मंजिला इमारत
सर्च न्यूज: सच के साथ: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के अमतला में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के कार्यालय पर जिला प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस पांच मंजिला इमारत का निर्माण बिना किसी स्वीकृत बिल्डिंग प्लान और नियमों की अनदेखी करके किया गया था। इस कथित अवैध निर्माण को लेकर प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद शनिवार को पुलिस और केंद्रीय बलों की भारी तैनाती के बीच जेसीबी और तीन बुलडोजरों की मदद से इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
इस बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई के बाद राज्य में राजनीतिक बवाल मच गया है और टीएमसी इसे राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति करार दे रही है। टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हमारे लिए कार्यालय एक मंदिर जैसा है और वे 2031 तक जीवित रहे तो इस बदले की कार्रवाई का जवाब देंगे। दूसरी तरफ, अमतला इलाके में कार्रवाई शुरू होते ही विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने सड़कों पर उतरकर जमकर जश्न मनाया और नारेबाजी की। बीजेपी नेताओं का कहना है कि यह पूरी तरह से कानून सम्मत प्रशासनिक कार्रवाई है क्योंकि यह इमारत अवैध रूप से खड़ी की गई थी।
