Shots fired at Ammy Virk’s concert convoy in Canada:कनाडा में एमी विर्क के कॉन्सर्ट काफिले पर फायरिंग, 7 राउंड चले; पुलिस बोली—हमला टारगेटेड हो सकता है
सर्च न्यूज: सच के साथ: एबॉट्सफोर्ड, कनाडा: पंजाबी गायक और अभिनेता एमी विर्क के कॉन्सर्ट के बाद उनके कार्यक्रम से जुड़े काफिले की एक गाड़ी पर गोलीबारी की घटना सामने आई है। यह घटना 5 सितंबर की रात करीब 11 बजे ब्रिटिश कोलंबिया के एबॉट्सफोर्ड स्थित मैक्कलम रोड इलाके में हुई। एबॉट्सफोर्ड पुलिस के अनुसार, गहरे रंग की SUV से एक कार पर फायरिंग की गई और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के कुछ ही समय बाद शूटिंग स्थल से करीब 5 किलोमीटर दूर सनीसाइड प्लेस में एक SUV में आग लगने की सूचना मिली। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि वाहन में लगी आग और गोलीबारी की घटना आपस में जुड़ी हुई हैं या नहीं। एबॉट्सफोर्ड पुलिस की मेजर क्राइम यूनिट मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में पुलिस ने गोलीबारी को टारगेटेड शूटिंग माना है, लेकिन हमले के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। फिलहाल किसी गिरफ्तारी की सूचना नहीं है और किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
इस बीच, एमी विर्क के पिता कुलजीत सिंह ने मीडिया में आई उन खबरों का खंडन किया है कि एमी को सीधे निशाना बनाया गया था। उन्होंने कहा कि एमी और उनका परिवार सुरक्षित है। इसलिए फिलहाल यह कहना सही नहीं होगा कि हमलावरों का सीधा निशाना एमी विर्क ही थे। पुलिस ने घटना के समय मैक्कलम रोड और आसपास के इलाकों में मौजूद लोगों से डैशकैम फुटेज या अन्य जानकारी साझा करने की अपील की है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि गोलीबारी किसे निशाना बनाकर की गई थी और इसके पीछे क्या वजह थी।
