Shivam Bus from Kolkata to Ranchi Overturns Uncontrollably on NH-33 Near Jhabri; Over 20 Passengers Injured. NH-33 पर कोलकाता-रांची शिवम बस अनियंत्रित होकर पलटी, 20 से अधिक यात्री घायल
सरायकेला-खरसावां। शनिवार तड़के करीब चार बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर चौका थाना क्षेत्र के झाबरी गांव के समीप बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोलकाता से रांची जा रही ऊं शिवम नामक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। बस में करीब 25 यात्री सवार थे, जिनमें से अधिकांश उस समय नींद में थे।
इस दुर्घटना में 20 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। घायलों में गिरिडीह निवासी सुखदेव दास (45) समेत एक महिला और एक बच्चा शामिल हैं। कुछ यात्रियों को अपेक्षाकृत अधिक चोटें आई हैं। हादसे के कारण एनएच-33 पर कुछ देर तक यातायात बाधित रहा। बाद में क्रेन और हाईड्रा की मदद से बस को हटाया गया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।
चौका पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शेष यात्रियों ने अन्य साधनों से अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया। यह घटना एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्री सुरक्षा और वाहनों की गति को लेकर सवाल खड़े करती है।
