November 3, 2026

NEET काउंसलिंग के नाम पर 3.5 लाख रुपए की ठगी का आरोप, रांची स्थित एजुकेशन फर्म पर साकची थाना में FIR दर्ज

file_000000000c2881fa948ca886e93d3626

जमशेदपुर के धतकीडीह क्षेत्र से एक गंभीर धोखाधड़ी का मामला प्रकाश में आया है, जहां एक महिला को उसकी बेटी का मेडिकल कॉलेज में दाखिला कराने का झांसा देकर लाखों रुपये ठग लिए गए। पीड़िता निगार अख्तर अपनी बेटी को डॉक्टर बनाने की उम्मीद में थीं। इसी दौरान उनका संपर्क रांची स्थित एक एजुकेशन फर्म से हुआ, जिसने काउंसलिंग के जरिए मेडिकल सीट दिलाने का पूरा भरोसा दिया था।

इस झांसे में आकर पीड़ित महिला ने आरोपी को कुल 3 लाख 50 हजार रुपये सौंप दिए। पैसे लेने के बाद जब आरोपी ने न तो मेडिकल कॉलेज में दाखिला कराया और न ही रकम वापस की, तब महिला को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। आरोपी की पहचान रांची के ‘एमआई एजुकेशन सर्विसेज’ के संचालक शशिभूषण कुमार के रूप में की गई है।

धोखाधड़ी का शिकार होने के बाद पीड़िता ने न्याय के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया। महिला की लिखित शिकायत के आधार पर जमशेदपुर के साकची थाना में आरोपी कोचिंग संचालक के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। स्थानीय पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आधिकारिक तौर पर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

You may have missed