सड़क पर अवैध पार्किंग को लेकर सख्त हुए परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
सर्च न्यूज: सच के साथ: रांची/जमशेदपुर: झारखंड के सोनारी मरीन ड्राइव (दोमुहानी) के पास हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवाओं की दर्दनाक मौत के बाद राज्य सरकार पूरी तरह एक्शन में आ गई है। इस दुखद घटना को गंभीरता से लेते हुए परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने सड़कों के किनारे बेतरतीब और अवैध तरीके से खड़े होने वाले वाहनों के खिलाफ बेहद कड़े रुख के संकेत दिए हैं। मंत्री ने स्पष्ट किया है कि मुख्य और सहायक सड़कों पर अनधिकृत रूप से वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ अब प्रशासन द्वारा सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।इस मुहिम को धरातल पर उतारने के लिए परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट साझा कर राज्यवासियों से एक विशेष अपील की है। उन्होंने लिखा है कि सड़कों पर गलत तरीके से खड़े किए गए वाहनों के कारण न सिर्फ सुचारू आवागमन बाधित होता है, बल्कि गंभीर सड़क दुर्घटनाओं (एक्सीडेंट) की आशंका भी काफी बढ़ जाती है।
