AI डीपफेक के खिलाफ रुपाली गांगुली पहुंचीं बॉम्बे हाईकोर्ट, उठाया बड़ा कदम!
टीवी सीरियल ‘अनुपमा’ से घर-घर में अपनी खास पहचान बनाने वाली लोकप्रिय अभिनेत्री रुपाली गांगुली ने इंटरनेट पर अपनी तस्वीरों और पहचान के गलत इस्तेमाल के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. अपनी वकील सना रईस खान के माध्यम से दायर याचिका में उन्होंने बिना अनुमति के उनके नाम, फोटो, आवाज और छवि का व्यावसायिक या डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपयोग करने पर कानूनी रोक लगाने की मांग की है. रुपाली ने इसे अपने ‘पर्सनैलिटी राइट्स’ (व्यक्तित्व अधिकारों) का गंभीर उल्लंघन बताया है.
रुपाली गांगुली ने इस मामले में गूगल, रेडिट, सीआर्ट एआई (SeaArt AI) के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) और दूरसंचार विभाग (DoT) सहित 18 उत्तरदाताओं को नामजद किया है. उन्होंने अदालत से अनुरोध किया है कि इन सभी आपत्तिजनक और भ्रामक लिंक्स को तुरंत हटाने (डायनेमिक टेकडाउन) के निर्देश जारी किए जाएं. इस महत्वपूर्ण मामले की सुनवाई बुधवार, 4 नवंबर 2026 को बॉम्बे हाईकोर्ट के जस्टिस माधव जामदार की सिंगल बेंच के समक्ष तय की गई है.
