सर्च न्यूज: सच के साथ:जमशेदपुर में 100 करोड़ रुपये के फर्जी जीएसटी बिलिंग घोटाले का एक बड़ा मामला सामने आया है। केंद्रीय जीएसटी खुफिया महानिदेशालय (DGGI) की जमशेदपुर क्षेत्रीय इकाई ने संयुक्त निदेशक अभिनव कुमार के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई करते हुए बारीडीह निवासी स्क्रैप कारोबारी अजय शर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपी को बुधवार शाम लंबी पूछताछ और मेडिकल जांच के बाद गिरफ्तार किया गया और न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर घाघीडीह जेल (न्यायिक हिरासत) भेज दिया गया है।
जांच के अनुसार, अजय शर्मा ने ‘श्री गणेश ट्रेडिंग’ और ‘क्रांतिक ट्रेडिंग’ जैसी कई बोगस और फर्जी शेल कंपनियां बनाई थीं। इन कागजी कंपनियों के माध्यम से बिना किसी वास्तविक माल (स्क्रैप) की सप्लाई किए केवल फर्जी इनवॉइस और बिल जारी किए जा रहे थे। इस फर्जी नेटवर्क के जरिए आरोपियों ने सरकार को लगभग 20.26 करोड़ रुपये के अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का चूना लगाया और कुल मिलाकर 100 करोड़ रुपये से अधिक का फर्जी टर्नओवर दिखाया।डीजीजीआई की छापेमारी के दौरान आरोपी के परिसरों से मोबाइल फोन, लैपटॉप, बैंक रिकॉर्ड और कई डिजिटल दस्तावेज जब्त किए गए हैं, जिनकी फोरेंसिक जांच चल रही है। जांच अधिकारियों के मुताबिक, यह एक बड़े अंतरराज्यीय सिंडिकेट का हिस्सा है और आरोपी अजय शर्मा के तार जेल में बंद अन्य बड़े स्क्रैप माफियाओं (जैसे विक्की भालोटिया और शिव कुमार देवड़ा) से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। फिलहाल इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य संदिग्धों और लाभार्थियों का पता लगाने के लिए वित्तीय लेन-देन खंगाले जा रहे हैं और आगे कई और गिरफ्तारियां होने की संभावना है