DD Bar Murder Case:डीडी बार हत्याकांड: सभी 16 आरोपी गिरफ्तार वैज्ञानिक, सीसीटीवी और मोबाइल टावर लोकेशन से खुलेगा राज, बयानों का मिलान कर रही एसआईटी
सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार (Double Down Bar) हत्याकांड में पुलिस की विशेष अनुसंधान दल (SIT) को एक बड़ी कामयाबी मिली है। मामले में फरार चल रहे दो और आरोपियों, रवेंद्र कुमार उर्फ रविंद्र उर्फ घेरे (40 वर्ष) और गणेश महतो (34 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन दोनों की ताजा गिरफ्तारी के बाद इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक पकड़े गए या कोर्ट में आत्मसमर्पण करने वाले सभी 16 आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।
सबूतों को कानूनी रूप से मजबूत बनाने के लिए एसआईटी पकड़े गए सभी आरोपियों और गवाहों के बयानों का इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से मिलान (क्रॉस-वेरिफिकेशन) कर रही है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए मुख्य हथियार (चापड़/चाकू) के साथ-साथ आरोपियों के भागने में इस्तेमाल की गई स्कूटी व अन्य गाड़ियां भी बरामद कर ली हैं। तकनीकी साक्ष्यों और बयानों के इसी मिलान के आधार पर पुलिस अदालत के समक्ष एक अचूक चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है ताकि सभी दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके।
