Ramgarh,Jharkhand:रामगढ़ स्टील प्लांट में भीषण हादसा: टरबाइन ब्लास्ट के बाद लगी आग, तीन इंजीनियरों की मौत; एक गंभीर घायल
सर्च न्यूज: सच के साथ: रामगढ़, 22 अगस्त: झारखंड के रामगढ़ जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा हुआ। बरकाकाना ओपी क्षेत्र के हेहल स्थित मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड के पावर प्लांट में टरबाइन में जोरदार धमाका होने के बाद भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से तीन इंजीनियरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
मृतकों की पहचान रांची के संजीव कुमार केसरी, बोकारो के विनीत महतो और गढ़वा के अभिषेक पांडेय के रूप में हुई है। घटना के बाद दमकल की टीमों को मौके पर भेजा गया और आग पर काबू पाया गया।
फिलहाल टरबाइन में धमाका किस वजह से हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों और आपातकालीन व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
