पशु सेवा केंद्र के ध्वस्तीकरण के आरोप में भवन विभाग के कनिष्ठ अभियंता विकास कुमार गुप्ता को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तत्काल प्रभाव से किया निलंबित
सर्च न्यूज; सच के साथ:नई दिल्ली। दिल्ली में पशु कल्याण कार्यकर्ता जागृति मिश्रा के निर्माणाधीन पशु आश्रय स्थल की चारदीवारी तोड़े जाने के मामले में नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के बाहरी उत्तरी क्षेत्र में तैनात भवन विभाग के कनिष्ठ अभियंता विकास कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। यह कार्रवाई दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा मामले की जांच कराने के निर्देश दिए जाने के एक दिन बाद हुई।
विवाद के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को जागृति मिश्रा से मुलाकात कर उन्हें सुरक्षा और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने मामले में कनिष्ठ अभियंता की भूमिका की जांच कराने, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ पुलिस को मामला दर्ज करने के निर्देश देने तथा जिला प्रशासन को पशु आश्रय स्थल स्थापित करने में मदद करने को कहा। साथ ही, मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की गई।
एमसीडी के आदेश के अनुसार, विकास कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है और उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता मिलेगा और सक्षम अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने की इजाजत नहीं होगी। अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि ध्वस्तीकरण किन परिस्थितियों में किया गया और इसमें किन अधिकारियों या अन्य व्यक्तियों की जिम्मेदारी बनती है।
