Prashant Kishor takes oath as MLA from Bankipur:बांकीपुर के विधायक बने प्रशांत किशोर, पद और गोपनीयता की ली शपथ; बोले—बिहार के लिए कुछ सार्थक करने का संकल्प
सर्च न्यूज: सच के साथ: पटना, 17 अगस्त 2026: जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने सोमवार को बिहार विधानसभा में बांकीपुर के विधायक के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने उन्हें शपथ दिलाई। इसके साथ ही चुनावी राजनीति में प्रवेश करने के बाद प्रशांत किशोर की विधायी पारी आधिकारिक रूप से शुरू हो गई।
भाजपा के मजबूत गढ़ में बड़ी जीत: बांकीपुर सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है। प्रशांत किशोर की जीत को इस सीट पर एक महत्वपूर्ण राजनीतिक बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। उपचुनाव की आवश्यकता भाजपा नेता नितिन नवीन के राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद सीट खाली होने के कारण हुई थी।शपथ लेने के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार विधानसभा का सदस्य बनना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने सदन के उन वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों से प्रेरणा लेने की बात कही, जिन्होंने बिहार और समाज के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य बिहार के लोगों और राज्य के लिए कुछ सार्थक काम करना है।
बांकीपुर के विकास पर फोकस: विधायक बनने के बाद प्रशांत किशोर ने बांकीपुर के विकास और क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता देने का संकेत दिया है। उन्होंने पहले ही क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की बात कही है और अगले दो वर्षों में 10,000 निजी नौकरियां उपलब्ध कराने का लक्ष्य भी रखा है।उन्होंने यह भी कहा है कि विधानसभा में उन्हें बोलने का पर्याप्त अवसर मिले या न मिले, लेकिन बांकीपुर में किए गए काम खुद बोलेंगे। उनके मुताबिक विकास कार्यों के जरिए क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधियों पर भी बेहतर काम करने का दबाव बनेगा।
