Petition in the Sharukh Khan ‘Mannat’ dispute dismissed:शाहरुख खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत: 2500 crore ‘मन्नत’ विवाद में याचिका खारिज, अब दो मंजिल और बना सकेंगे ‘किंग खान’
सर्च न्यूज: सच के साथ: बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान और उनकी पत्नी गौरी खान को उनके मुंबई स्थित मशहूर बंगले ‘मन्नत’ के रिनोवेशन को लेकर सुप्रीम कोर्ट से बड़ी कानूनी राहत मिली है। देश की शीर्ष अदालत ने बंगले के विस्तार और रिनोवेशन को चुनौती देने वाली याचिका को सिरे से खारिज कर दिया है। इस फैसले के बाद अब ‘किंग खान’ अपने छह मंजिला बंगले के ऊपर दो और नई आवासीय मंजिलें (7वीं और 8वीं मंजिल) बना सकेंगे, जिससे उनके घर के विस्तार का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
यह विवाद तब शुरू हुआ था जब गौरी खान ने ‘मन्नत’ की एनेक्स बिल्डिंग में दो अतिरिक्त फ्लोर जोड़ने का प्रस्ताव रखा था। इसके लिए महाराष्ट्र तटीय क्षेत्र प्रबंधन प्राधिकरण (MCZMA) ने कोस्टल रेगुलेशन जोन (CRZ) क्लीयरेंस दी थी, जिसे याचिकाकर्ता ने पर्यावरण नियमों का उल्लंघन बताते हुए चुनौती दी थी। सुप्रीम कोर्ट से पहले नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) की पुणे बेंच ने भी इस याचिका को खारिज करते हुए कहा था कि निर्माण कार्य में सभी पर्यावरणीय और कानूनी नियमों का पूरी तरह पालन किया गया है। अब सुप्रीम कोर्ट द्वारा भी याचिका खारिज होने के बाद ‘मन्नत’ के विस्तार से जुड़ी सभी कानूनी अड़चनें खत्म हो गई हैं।
