Garwah:गढ़वा में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश,चोरी का ट्रैक्टर और बिना नंबर प्लेट की 3 बाइक बरामद, 3 शातिर अपराधी गिरफ्तार,एक अन्य आरोपी की तलाश जारी
सर्च न्यूज: सच के साथ: गढ़वा पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया महिंद्रा ट्रैक्टर और बिना नंबर प्लेट की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।
तकनीकी जांच और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस को चोरी किए गए ट्रैक्टर के बिहार के रोहतास जिले में होने की जानकारी मिली। इसके बाद गढ़वा पुलिस ने रोहतास एसपी और दरिगांव थाना पुलिस के सहयोग से सासाराम स्थित ताराचंडी मंदिर की पार्किंग से चोरी का ट्रैक्टर बरामद कर लिया।मौके से 27 वर्षीय रोहित कुमार, निवासी पचास्वा गांव, मुफस्सिल सासाराम थाना क्षेत्र, को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस की पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर गढ़वा के मेराल थाना क्षेत्र के अटौला निवासी 20 वर्षीय सचिन चौधरी और 26 वर्षीय महेश चौधरी को भी गिरफ्तार किया गया।आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की एक स्प्लेंडर, एक सुपर स्प्लेंडर और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की
पुलिस के मुताबिक, गिरोह से जुड़े एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद क्षेत्र में हुई वाहन चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।पूरी कार्रवाई में एसडीपीओ दिलू लोहार, गढ़वा थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी, मेराल थाना प्रभारी विष्णुकांत कुमार सहित पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
