November 3, 2026

पाकुड़ में संपत्ति और वेतन के लालच में मर्डर: 24 घंटे के भीतर मकान मालिक समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

file_00000000890482438fe8749c999e150e

सर्च न्यूज: सच के साथ: समेत 3 आरोपी गिरफ्तारझारखंड के पाकुड़ जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मालीपाड़ा इलाके से एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां साले की संपत्ति और सरकारी वेतन हड़पने की नीयत से उसके जीजा मंटू दास की बेरहमी से हत्या कर दी गई। 13 अक्टूबर को मालीपाड़ा की एक बंद पत्थर खदान के पानी में मंटू दास का शव उसी की मोटरसाइकिल के साथ बंधा हुआ बरामद किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ पुलिस अधीक्षक (SP) अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) कुमार गौरव के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया।

पुलिस द्वारा की गई सख्त तफ्तीश और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस हत्याकांड में संलिप्त मुख्य आरोपी आलोक मुर्मू के साथ-साथ उसके दो सहयोगियों—प्रीतम हेम्ब्रम और प्रिंस हेम्ब्रम को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक मंटू दास दुमका का रहने वाला था और पाकुड़ के धनुषपूजा में अपने साले साबीर सोरेन के केयरटेकर के रूप में रहता था। साबीर सोरेन पशुपालन विभाग में कार्यरत एक सरकारी कर्मचारी हैं और इस दुनिया में मंटू दास के अलावा उनका कोई अन्य वारिस या करीबी संबंधी नहीं था।

मुख्य आरोपी आलोक मुर्मू, जो कि साबीर सोरेन का मकान मालिक था, ने साबीर की पूरी संपत्ति और उसकी सैलरी पर कब्जा करने के लिए एक खौफनाक साजिश रची। उसे पता था कि यदि रास्ते से मंटू दास को हटा दिया जाए, तो वह साबीर का विश्वास जीतकर उसका एकमात्र उत्तराधिकारी बन जाएगा। इसी लालच में आरोपियों ने पहले मंटू दास को शराब पिलाई और फिर मालीपाड़ा स्थित बंद खदान के पास ले जाकर कुल्हाड़ी और लोहे के हथौड़े से वार कर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उन्होंने शव को भारी पत्थर और मृतक की पल्सर बाइक के साथ बांधकर खदान के गहरे पानी में फेंक दिया था। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए दोनों हथियार और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं और तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

You may have missed