September 6, 2026

मलेरिया से चार मौतें, झारखंड में हाई अलर्ट जारी

Screenshot_20260702_101352_Chrome

पूर्वी सिंहभूम में मलेरिया से चार लोगों की मौत के बाद झारखंड सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। बढ़ते संक्रमण को गंभीर मानते हुए स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने राज्य के सभी उपायुक्तों को तत्काल प्रभाव से मलेरिया रोकथाम और नियंत्रण अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी, जांच और उपचार सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।

स्वास्थ्य विभाग के निर्देश के अनुसार सभी जिलों में घर-घर सर्वे, बुखार से पीड़ित लोगों की जांच, समय पर दवा उपलब्ध कराने और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। खासकर उन क्षेत्रों पर विशेष फोकस रहेगा जहां संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।

पूर्वी सिंहभूम के प्रभावित इलाकों में स्क्रीनिंग अभियान के दौरान सेरेब्रल (ब्रेन) मलेरिया के नए मरीज भी सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेज बुखार, कंपकंपी, सिरदर्द या अन्य लक्षण दिखने पर तुरंत सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचें, क्योंकि सेरेब्रल मलेरिया का समय पर इलाज नहीं मिलने पर यह जानलेवा साबित हो सकता है।

राज्य सरकार ने जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय निकायों के बीच बेहतर समन्वय के साथ जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। लोगों से मच्छरदानी का उपयोग करने, घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई है। सरकार का लक्ष्य संक्रमण की श्रृंखला को जल्द तोड़कर संभावित जनहानि को रोकना है।