चांडिल में लगा लर्नर लाइसेंस शिविर, अब ईचागढ़ की बारी
सरायकेला-खरसावाँ जिले में लोगों को प्रखंड स्तर पर ही परिवहन सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक और कदम बढ़ाया है। उपायुक्त के निर्देश पर जिला परिवहन कार्यालय द्वारा चांडिल प्रखंड के पंचायत भवन में लर्नर लाइसेंस शिविर आयोजित किया गया, जहां पहले से स्लॉट बुक करा चुके अभ्यर्थियों की पूरी प्रक्रिया एक ही स्थान पर संपन्न कराई गई। शिविर का संचालन मोटरयान निरीक्षक दिलीप प्रसाद और रवि कुमार के नेतृत्व में किया गया।
इस शिविर के लिए कुल 44 अभ्यर्थियों ने स्लॉट बुक कराया था। इनमें 22 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल रहे, जबकि 8 अभ्यर्थी सफल नहीं हो सके। वहीं 15 अभ्यर्थी निर्धारित समय पर शिविर में उपस्थित नहीं हुए। प्रशासन का मानना है कि ऐसे शिविरों से ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी सेवाएं अधिक सहज और सुलभ तरीके से मिल रही हैं।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने बताया कि जिले के विभिन्न प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से लर्नर लाइसेंस शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्थानीय स्तर पर सुविधा मिल सके। इसी क्रम में 2 जुलाई को ईचागढ़ प्रखंड के पंचायत भवन, गौरांगकोचा में अगला शिविर लगाया जाएगा, जहां पातकुम, गौरांगकोचा, मैसाड़ा, चिमटिया, बांदू, गुड़ड़ी और लेपाटांड़ पंचायतों के स्लॉट बुक करा चुके अभ्यर्थियों की लर्नर लाइसेंस संबंधी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
