September 4, 2026

लोयोला स्कूल का अनोखा संकल्प, हर छात्र बनेगा प्रकृति का प्रहरी

Screenshot_20260702_102444_Chrome

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बच्चों को व्यवहारिक शिक्षा देने के उद्देश्य से जमशेदपुर के लोयोला स्कूल, टेल्को में वन महोत्सव सप्ताह की शुरुआत विशेष वृक्षारोपण अभियान के साथ हुई। विद्यालय के जीवविज्ञान क्लब की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम की थीम “मातृभूमि और प्रकृति का सम्मान – मूक प्राणियों की आवाज़ बनें” रखी गई। इसके तहत विद्यार्थियों को अपने घरों से पौधे लाकर उन्हें रोपने और उनकी नियमित देखभाल का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्राचार्या चरणजीत ओहसन ने कहा कि पृथ्वी और पर्यावरण की रक्षा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्रों से हरित और स्वच्छ भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। जीवविज्ञान क्लब की संयोजिकाओं अलका रानी और प्रीता दास ने विद्यार्थियों को जैव विविधता, प्राकृतिक संतुलन और सतत जीवनशैली के महत्व से भी अवगत कराया।

अभियान का एक विशेष आकर्षण पौधारोपण का व्यावहारिक प्रशिक्षण रहा। विद्यालय के माली राम महतो और उनकी टीम ने छात्रों को पौधे लगाने की सही तकनीक, उनकी देखभाल और संरक्षण के उपाय विस्तार से समझाए। इससे विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का वास्तविक अनुभव भी प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम के अंत में जीवविज्ञान क्लब ने विद्यालय के कोषाध्यक्ष फादर जेरी डिसूज़ा के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने यह संकल्प लिया कि आज लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल की जाएगी, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ, हरित और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके।

You may have missed