Marine Drive Tragedy Probe Intensifies: मरीन ड्राइव हादसे की गहन जांच: एडीजी मनोज कौशिक ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, ट्रक की स्थिति और सुरक्षा उपायों पर फोकस
सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा (युविका) सिंह सहित चार युवाओं की मौत के बाद पुलिस महकमा जांच तेज कर चुका है। हादसे में कारमेल जूनियर कॉलेज के कक्षा 12 के छात्र-छात्राएं तृषा सिंह, वंशिका खंडेलवाल, सार्थक अग्रवाल और नमन गुप्ता की मौके पर ही जान चली गई थी। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक/ट्रेलर में पीछे से जा घुसी थी। शनिवार को एडीजी मनोज कौशिक और डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा घटनास्थल पहुंचे और मौके का बारीकी से निरीक्षण किया।
हादसे की सूचना मिलते ही डीएसपी मनोज ठाकुर और सोनारी थाना प्रभारी समेत टीम मौके पर पहुंची थी। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी का शव रांची ले जाया गया। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने सुनिश्चित किया है कि जांच निष्पक्ष और तेज गति से चले, ताकि हादसे के असली कारण सामने आ सकें और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
