September 5, 2026

कस्टमर केयर बनकर बैंक खाता खाली करने वाला गिरोह ध्वस्त: जामताड़ा पुलिस ने 9 साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार

Screenshot_20260718_154425_Chrome

सर्च न्यूज: सच के साथ: झारखंड के जामताड़ा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 9 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। इस छापेमारी अभियान का नेतृत्व साइबर डीएसपी अमित कुमार (रविदास) ने किया। पुलिस अधीक्षक (SP) शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन कर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में से एक युवक वकालत (लॉ) की पढ़ाई कर रहा था, जो अपनी ससुराल में रहकर पढ़ाई की आड़ में इस अवैध धंधे को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सियाटांड़ और मट्टांड़ गांव के झाड़ीनुमा इलाके से पांच अपराधियों को रंगे हाथों पकड़ा। इसके बाद, जामताड़ा थाना क्षेत्र के मोहड़ा-पोसोई मार्ग के पास से चार अन्य आरोपितों को दबोच लिया गया। पकड़े गए आरोपियों में मुजाहिद अंसारी, सलामत अंसारी, सनवर अंसारी, तबारक अंसारी, सरफराज अंसारी, रोक्की कुमार दास, अर्जुन दास, सचिन दास और पश्चिम बंगाल का अमृत रूईदास शामिल हैं।पुलिस ने इन अपराधियों के पास से भारी मात्रा में डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं, जिनमें 27 मोबाइल फोन, 39 फर्जी सिम कार्ड और एक टैब बरामद हुआ है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये अपराधी मुख्य रूप से लोगों को फर्जी कैशबैक ऑफर का लालच देकर तथा बैंक अधिकारी बनकर क्रेडिट/डेबिट कार्ड ब्लॉक होने का झांसा देते थे और धोखाधड़ी से पैसे उड़ा लेते थे। पुलिस अब इन सभी उपकरणों की जांच कर रही है ताकि इनके पूरे नेटवर्क और बैंक खातों से हुए वित्तीय लेनदेन का पूरी तरह से पर्दाफाश किया जा सके।

You may have missed