September 6, 2026

Kolhan University,Chaibasa:20 जुलाई से खुलेगा चांसलर पोर्टल, कोल्हान विश्वविद्यालय ने जारी की नामांकन तिथि

Kolhan-University-Admission-2020

सर्च न्यूज: सच के साथ: चाईबासा, 19 जुलाई: कोल्हान विश्वविद्यालय ने स्नातक कार्यक्रम (FYUGP) सत्र 2026–30 एवं स्नातक वोकेशनल कार्यक्रम सत्र 2026–29 के प्रथम सेमेस्टर में नामांकन के लिए चांसलर पोर्टल 20 जुलाई 2026 से खोलने की घोषणा की है। इच्छुक अभ्यर्थी 20 जुलाई को दोपहर 12:00 बजे से 26 जुलाई 2026 की शाम 5:00 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।विश्वविद्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार, मेरिट सूची का प्रकाशन 28 जुलाई 2026 को संबंधित महाविद्यालयों की वेबसाइट एवं नोटिस बोर्ड पर किया जाएगा।

चयनित विद्यार्थियों का नामांकन 28 जुलाई से 1 अगस्त 2026 तक होगा, जबकि कक्षाओं का संचालन 3 अगस्त 2026 से प्रारंभ होगा।ऑनलाइन आवेदन के लिए प्रति विषय ₹25 शुल्क निर्धारित किया गया है।

आवेदन केवल चांसलर पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। विश्वविद्यालय ने सभी अभ्यर्थियों के लिए APAAR ID एवं ABC ID अनिवार्य किया है। विद्यार्थियों को आवेदन से पूर्व DigiLocker के माध्यम से APAAR एवं ABC ID बनवाने की सलाह दी गई है।इस सत्र से Botany एवं Zoology के स्थान पर Life Science विषय उपलब्ध कराया गया है। वहीं, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के अनुरूप विद्यार्थियों को एक से अधिक विषयों में आवेदन करने का विकल्प भी दिया गया है, ताकि सीमित सीटों के कारण कोई भी विद्यार्थी नामांकन से वंचित न रहे।अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के अभ्यर्थियों को राज्य सरकार के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक जाति, आवासीय एवं आय प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा।

विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों से आवेदन पत्र में सभी जानकारियाँ सावधानीपूर्वक भरने का आग्रह किया है, क्योंकि दस्तावेज़ सत्यापन के दौरान गलत जानकारी पाए जाने पर नामांकन पर विचार नहीं किया जाएगा।

कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने कहा, कोल्हान विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं छात्र-केंद्रित प्रवेश प्रक्रिया उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर चांसलर पोर्टल पर आवेदन करें तथा आवेदन पत्र भरते समय सभी आवश्यक जानकारियाँ एवं दस्तावेज़ सावधानीपूर्वक अपलोड करें, ताकि नामांकन प्रक्रिया सुचारु एवं समयबद्ध रूप से संपन्न हो सके।

You may have missed