सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर पुलिस ने जुगसलाई थाना क्षेत्र के घोड़ा चौक (स्टेशन रोड) स्थित मलिक प्लाईवुड एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड में हुई हाई-प्रोफाइल चोरी की घटना का सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस वारदात में शामिल चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह चोरी बीती 20 और 21 सितंबर की दरम्यानी रात को अंजाम दी गई थी, जिसके बाद दुकान संचालक सुमित मल्लिक ने मामला दर्ज कराया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गुप्त सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर छापेमारी कर आरोपियों को सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली क्षेत्र से दबोचा गया। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दुकान से चुराया गया सामान बरामद किया है, जिसमें दो लैपटॉप (एक लेनोवो और एक एसर कंपनी का), एक गुलाबी रंग का पिठू बैग और चोरी की गई कुल नकदी में से 19 हजार रुपये कैश शामिल हैं। इसके अलावा, चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।वारदात के संबंध में बताया गया कि शातिर चोरों ने दुकान की छत के रास्ते प्रवेश किया था, जहां उन्होंने लोहे की ग्रिल काटकर और शीशा तोड़कर कार्यालय में एंट्री ली थी। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई थी, जिसकी मदद से पुलिस को संदिग्धों को ट्रैक करने में मदद मिली। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह का एक आरोपी अभी भी फरार चल रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है