November 4, 2026

Sakchi: जमशेदपुर के साकची में ऑटो हटाने को लेकर बवाल: किन्नरों और ट्रैफिक पुलिस में तीखी झड़प, बीच सड़क पर काटा हंगामा

file_00000000c21482118d9b06503f480262

सर्च न्यूज: सच के साथ; जमशेदपुर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक साकची गोलचक्कर पर शुक्रवार को उस समय भारी अफरा-तफरी मच गई, जब किन्नर समुदाय के कुछ सदस्यों और वहां तैनात ट्रैफिक पुलिस के बीच विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किन्नर समुदाय के कुछ लोग गोलचक्कर के पास खड़े एक ऑटो में बैठे थे। व्यस्त समय होने के कारण वहां वाहनों का आवागमन बाधित हो रहा था, जिसके चलते ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक जवान ने ऑटो को आगे बढ़ाने और वहां से हटाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई जो देखते ही देखते एक बड़े हंगामे में बदल गई।

बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि सड़क पर दोनों पक्षों के बीच हाथापाई की स्थिति बन गई। किन्नरों ने पुलिसकर्मी को घेर लिया और उग्र प्रदर्शन करने लगे। इस झड़प के दौरान ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी की वर्दी भी फट गई। किन्नरों का आरोप था कि पुलिस की ओर से उनके साथ बदसलूकी और बल प्रयोग किया गया, जिसके विरोध में वे बीच सड़क पर बैठ गए और संबंधित पुलिस जवान से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग पर अड़ गए।मुख्य चौराहे पर हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे और हंगामे के कारण साकची मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और काफी समय तक यातायात पूरी तरह से बाधित रहा। घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद किन्नरों को समझा-बुझाकर शांत कराया और स्थिति पर काबू पाया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, साकची गोलचक्कर के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जांच व साक्ष्यों के आधार पर आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

You may have missed