झारखंड ग्रामीण स्वास्थ्य क्रांति: 100 चिकित्सा केंद्र बनेंगे अत्याधुनिक, बड़े पैमाने पर होगी डॉक्टरों की बहाली
सर्च न्यूज: सच के साथ: झारखंड सरकार ने ग्रामीण और सुदूर इलाकों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। इसके तहत राज्य के 100 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) को पूरी तरह आधुनिक और हाईटेक सुविधाओं से लैस करने का फैसला किया गया है। इन अपग्रेड होने वाले केंद्रों पर मरीजों को 24 घंटे आपातकालीन इलाज, जटिल प्रसव और सिजेरियन डिलीवरी जैसी जरूरी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेंगी, जिससे ग्रामीण आबादी को बड़े शहरों या जिला अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने इस पूरी योजना को धरातल पर उतारने के लिए सभी जिलों के सिविल सर्जनों से 10 दिनों के भीतर विस्तृत प्रस्ताव मांगा है। इस परियोजना के पहले चरण में चयनित अस्पतालों का यूनिसेफ (UNICEF) और विशेषज्ञों की टीम द्वारा ‘गैप एनालिसिस’ कराया जाएगा。 इन केंद्रों में इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU), स्पेशल न्यू बॉर्न केयर यूनिट (SNCU) और ब्लड स्टोरेज की अत्याधुनिक व्यवस्थाएं स्थापित की जाएंगी, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में प्रभावी कमी लाई जा सकेगी।
