जमशेदपुर के मानगो में ब्राउन शुगर नेटवर्क पर पुलिस का प्रहार, 71 पुड़िया के साथ 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार
सर्च न्यूज: सच के साथ : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित पानी टंकी के पास छापेमारी कर एक 19 वर्षीय ड्रग पेडलर को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान स्थानीय निवासी शमशाद खान के रूप में की गई है। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने युवक की अमली तलाशी ली, तो उसके पास से प्रतिबंधित ब्राउन शुगर की 71 पुड़िया बरामद की गईं।
मानगो थाना पुलिस अब आरोपी से मिले सुरागों के आधार पर इस पूरे ड्रग नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में नशीली दवाओं की सप्लाई चेन को पूरी तरह से ध्वस्त करने के लिए छापेमारी अभियान को और तेज किया जाएगा और इस धंधे में शामिल अन्य संदिग्धों को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
