Jharkhand Movement Veteran Dubraj Kumbhkar Passes Away at 65. झारखंड आंदोलन के वरिष्ठ साथी दुबराज कुंभकार का निधन, 65 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर के बोड़ाम प्रखंड के बड़ा सुसनी निवासी और झारखंड आंदोलन के सक्रिय साथी दुबराज कुंभकार का 65 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। लेकिन दोपहर करीब 12:30 बजे अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
झारखंड राज्य बनने के बाद भी वे झारखंडी हितों और सामाजिक मुद्दों को लेकर सक्रिय रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार वे सरल और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे तथा ग्रामीणों के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहते थे। उनके निधन की खबर से बड़ा सुसनी समेत आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
दुबराज कुंभकार अपने पीछे पत्नी और दो पुत्रों, अशोक कुंभकार एवं दीपक कुंभकार समेत परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन को झारखंड आंदोलन से जुड़े लोगों के लिए बड़ी क्षति बताया जा रहा है। समर्थकों और ग्रामीणों ने उनके आंदोलनकारी योगदान को याद करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
